बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व मुखिया को मारी गोली

आरा में बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व मुखिया को मारी गोली

रिपोर्ट आकाश कुमार बिहार के आरा से

भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव में गुरुवार की दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने स्कॉर्पियो पर सवार पूर्व मुखिया को ताबड़तोड़ दो गोली मार दी। जख्मी पूर्व मुखिया को एक गोली बाएं हाथ में बांह पर एवं दूसरी गोली उसी हाथ में कलाई एवं केहुनी के बीच लगी है।

इसके अलावा अपराधियों ने उनके स्कॉर्पियो पर भी ताबड़तोड़ तीन गोलियां बरसादी। जिसके कारण स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और टायर पंचर हो गया। गोली लगने के कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

जिसके बाद उनके साथ स्कॉर्पियो में रहे सहयोगी द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जख्मी पूर्व मुखिया गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव निवासी स्व.गिरजा प्रसाद सिंह के 55 वर्षीय पुत्र सह गड़हनी प्रखंड के बगवां पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह है। वही घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर आसानी से भाग निकले।

उधर घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार अपने पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं। इधर पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने इससे पहले भी उन लोगों पर उदवंतनगर थाना में केस किया था।

जिसको लेकर वह जेल भी गए थे। उसी समय से वे लोग उन्हें टारगेट कर रहा था। गुरुवार की सुबह वह अपने पार्टनर मोहन से मिलने के लिए उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव गए थे। जब वह उससे मिलकर वापस स्कॉर्पियो से गांव लौट रहे थे तभी दक्षिण एकौना गांव के समीप तीन की संख्या में पेड़ के पीछे पहले से अपराधी घात लगाए बैठे थे। जैसे ही वह स्कॉर्पियो वहां पहुंचे तभी उन लोगों ने ताबड़तोड़ उन पर फायरिंग कर दी।

जिसमें दो गोली उन्हें लग गई और तीन राउंड फायरिंग उनके गाड़ी पर भी की गई। जिससे उनकी गाड़ी पंचर हो गई। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए अपराधी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर जख्मी पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह ने गायत्री नामक व्यक्ति के बेटे सहित अन्य अपराधियों पर पूर्व के विवाद को लेकर खुद को गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *